बागपत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग करते हुए जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट के सामने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर धरना दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट प्रभारी को सौंपा। इससे हाईवे काफी समय तक जाम रहा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संघर्ष समिति के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह तोमर के नेतृत्व में अधिवक्ता शुक्रवार को कचहरी परिसर से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट के सामने हाईवे पर पहुंचे। सड़क के बीच में धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने सड़क के दोनों ओर वाहनों को रुकवा दिया। इस दौरान जयवीर तोमर ने कहा कि 35 से अधिक वर्षों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता बेंच की मांग को लेकर आंदोलनरत है, लेकिन सरकार जानबूझकर जनमानस की भावनाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि अब की बार अधिवक्ता आरपार की लड़ाई लड़ने के मूड में है।
महामंत्री नरेंद्र पंवार बली ने कहा कि अधिवक्ता आम जनता व जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर आंदोलन को गति देंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव में उसी दल का समर्थन करेंगे, जो हाईकोर्ट बेंच के मुद्दे पर खुलकर उनकी जायज मांग को मनवाने में योगदान देगा। धरनास्थल पर डीएम की ओर से ज्ञापन लेने के लिए कलक्ट्रेट प्रभारी रामप्रकाश अधिवक्ताओं के बीच पहुंचे। जयवीर तोमर और अन्य अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों का प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन ओसी को सौंपा। देवेंद्र आर्य, मूलचंद यादव, नरेंद्रपाल शर्मा, ओमपाल मान, मुकेश ढाबा, सतीश त्यागी, विजयश्री, ज्येश शर्मा, सतेंद्रपाल शर्मा, रमन चौधरी, महेंद्र बंसल, अजीत सिंह, स्वर्ण सिंह ढाका, हरेंद्र तोमर, सोहनपाल गुर्जर, इंद्रपाल गुर्जर और रामअवतार शर्मा मौजूद रहे।
यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
बागपत। जाम के दौरान कई दुपहिया वाहन चालकों ने सड़क किनारे से अपने वाहन को निकालने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी अधिवक्ताओं से काफी नोकझोंक हुई। जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वादकारियों को भी हुई परेशानी
बागपत। अधिवक्ता पूर्णरूप से हड़ताल पर रहे। इससे कोर्ट में आए वादकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस रही तैनात
बागपत। जाम के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने जाम से जूझ रहे लोगों से शांति बनाने की अपील की।