बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी पुलिस चौकी में अधिवक्ता से पुलिसकर्मी ने मारपीट कर दी। जिसके विरोध में अधिवक्ताओं ने कोतवाली में हंगामा किया। उधर जिला बार एसोसिएशन ने हड़ताल कर विरोध जताया। इस मामले में अधिवक्ताओं ने कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार तोमर और महामंत्री संदीप ठाकुर ने बताया कि अग्रवाल मंडी टटीरी पुलिस चौकी में अधिवक्ता सिद्धार्थ धामा मंगलवार सुबह कचहरी आ रहे थे। टटीरी में एक बाइक की टक्कर लगने से वह घायल हो गए और वहां आए एक पुलिसकर्मी ने अभद्रता की और मारपीट कर दी। जिसके विरोध में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने हड़ताल की।
इस मामले में एसपी से शिकायत कर मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि अधिवक्ता से मारपीट के मामले में शिकायत मिली है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। मौके पर चांदवीर राणा, नरेंद्र पंवार, सतेंद्र खोखर, कपिल कैडवा, महेंद्र बंसल, इंद्रपाल सिंह, इफ्तखार हसन, अरुण चौहान, सन्नी चौहान, महकार भाटी मौजूद रहे।