संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएम डैश बोर्ड की खराब रैंक आने पर डीएम अस्मिता लाल ने सख्त रुख अपनाते हुए पांच अधिकारियों पर कार्रवाई कर दी। ई श्रेणी आने पर तीन अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई और उनके समेत अन्य दो का वेतन रोक दिया।
सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ई श्रेणी में आने के कारण एक्सईएन लोक निर्माण विभाग, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है और इनका मार्च का वेतन रोक दिया। खराब प्रगति पर बीएसए और उपायुक्त उद्योग का भी मार्च का वेतन रोक दिया है। इन्हें कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया कि फरवरी की सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में बागपत का प्रदेश में 45वां स्थान आया था। इससे जनवरी की रैंकिंग के मुकाबले जिला 11 पायदान नीचे खिसक गया। इस कारण ही डीएम ने अधिकारियों पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी।