बागपत। एडीओ की गाड़ी के चालक को गोली मारने वाले दो बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने गौरीपुर मोड़ से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिवाल्वर लूटने के लिए गोली मारने की बात कही है। बदमाशों से लूटा गया रिवाल्वर भी बरामद किया।
बागपत ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत कृष्ण मान सिंह मान की निजी गाड़ी के चालक गौरव निवासी रठौड़ा को दो अगस्त को कलक्ट्रेट के सामने कॉलोनी में गोली मारी थी। वह कॉलोनी में घायल अवस्था में मिला था। उसके सिर व कमर में दो गोली मारी थी और उसके पास से एडीओ की लाइसेंसी रिवाल्वर भी गायब थी। एडीओ ने कोतवाली में घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार इस मामले की विवेचना में दो आरोपी अक्षय शर्मा और मोहित शर्मा निवासी ट्यौढ़ी के नाम सामने आए। इन दोनों को रविवार को गौरीपुर मोड़ के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उनके पास से एडीओ पंचायत की लाईसेंसी रिवाल्वर, दो कारतूस व दो खोखा के अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार पूछताछ में पता चला कि आरोपी कॉलोनी में बैठकर शराब पी रहे थे, तभी एडीओ की गाड़ी का चालक गौरव लघुशंका के लिए वहां गया था। आरोपियों ने गौरव से लाइसेंसी रिवाल्वर लूटने का प्रयास किया तो विरोध करने पर लाइसेंसी रिवाल्वर से ही गौरव को गोली मारी थी।