अतिक्रमण पर चला प्रशासन का चाबुक, व्यापारियों से नोकझोंक
अमीनगर सराय (बागपत)। रविवार को सिंघावली पुलिस ने कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की व्यापारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
सराय मोड़ पर आए दिन रिक्शा व ठेलियों की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है। जिस कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को अतिक्रमण के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रविवार को सिंघावली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक शिवप्रकाश सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस व अतिक्रमण करने वाले लोगों के बीच कहासुनी भी हुई, लेकिन पुलिस ने सख्ती से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। हालांकि पुलिस आगे अतिक्रमण हटाती रही जबकि पुलिस के जाते ही दोबारा से अतिक्रमण हो गया। अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रकाश सिंह, एसएसआई रजनीश कुमार, चौकी प्रभारी मेघराज सिंह, कपिल, सचिन, आनंद, सतबीर शर्मा, रविंद्र आदि मौजूद रहे।