बड़ौत। मलकपुर चीनी मिल में मंगलवार को अपर गन्ना आयुक्त वीबी सिंह व डिप्टी केन कमिश्नर राजीव राय ने मिल अधिकारियों की बैठक ली। जहां किसानों का बकाया गन्ना भुगतान प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए।
मलकपुर मिल पर किसानों का 2025-26 के पेराई सत्र का करीब 350 करोड़ रुपये बकाया है। मिल अधिकारियों के साथ बैठक कर भुगतान व्यवस्था पर मंथन हुआ। वहां गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मलकपुर गन्ना समिति के चेयरमैन अंकितवीर सिंह, जिला गन्ना अधिकारी अमर प्रताप, अध्याशी विपिन चौधरी, गन्ना प्रबंधक मुकेश मलिक, विजय जैन, यशवीर तोमर आदि उपस्थित रहे।