-सीएचसी पर कोई भी अनियमितता मिलने पर एसीएमओ होंंगे जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए एसीएमओ नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सीएचसी पर कोई भी अनियमितता मिलने पर एसीएमओ ही जिम्मेदार होंगे। ब्लॉक स्तर की छह सीएचसी पर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर करने की तीन एसीएमओ को जिम्मेदारी दी गई है।
सीएचसी पर आने वाले मरीजों को दवाई से लेकर इलाज और सुविधाएं पूरी कराने की जिम्मेदारी एसीएमओ की होगी। एसीएमओ को रोजाना सीएचसी का निरीक्षण कर मरीजों से अस्पताल में मिलने वाले इलाज और सुविधाओं का फीडबैक लेंगे और कहीं पर कोई कमी होने पर इसे दूर कराएंगे। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक की सीएचसी के लिए एक एसीएमओ को नोडल बनाया गया है। सीएमओ डॉ़ महावीर सिंह ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ़ दीपा सिंह को बागपत और पिलाना सीएचसी, एसीएमओ डॉ़ एमएम भदौरिया को खेकड़ा और छपरौली सीएचसी, जबकि एसीएमओ डॉ़ गजेंद्र को बिनौली और बड़ौत की जिम्मेदारी सौंपी है। नोडल अधिकारी की मरीजों को सही इलाज के साथ दवाइयों की उपलब्धता के अलावा अन्य व्यवस्थाएं पूरी करनी होंगी। किसी सीएचसी पर किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर एसीएमओ को ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
वर्जन
-ब्लॉक स्तर की सीएचसी पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एसीएमओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहां अगर कोई कमी मिलती है तो एसीएमओ ही जिम्मेदार होंगे। - डॉ़ महावीर सिंह, सीएमओ