बागपत के बड़ौत में तीन दिन पूर्व बड़ौत कोतवाली के सामने एक मोहल्ले में गौकशी को लेकर शनिवार को मुस्लिम वर्ग के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बड़ौली रोड पर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर गौकशी करने वाले लोगों के साथ मिलीभगत का आरोप लगा आरोपियों की गिरफ्तारी और उन पर रासुका लगवाने की मांग की।
शनिवार को मुस्लिम वर्ग के लोग फारूख के नेतृत्व में बड़ौली रोड पर एकत्र हुए और गौकशी को लेकर आक्रोश जता प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा बड़ौत कोतवाली के सामने पुलिस प्रशासन की मिलीभगत के चलते पिछले दो-तीन दशकों से खुलेआम गौकशी की घटनाएं हो रही है। आरोप लगाया यदि कोई विरोध करता है तो पहले पुलिस गौकशी करने वाले लोगों से उन्हें धमकी दिलवाते हैं, यदि फिर भी न माने तो पुलिस झूठे केस में उन्हें जेल भेज देती है।
फारूख ने कहा कुछ लोगों द्वारा गौकशी करने के बाद समाज पूरे मुस्लिम वर्ग को गलत नजरों से देखता है। उन्होंने प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उन पर रासुका लगवाने की मांग की। इनमें समेदीन, रहीसुद्दीन, वाहिद चौधरी, समीर, अय्यूब, आलम चौधरी, वसीम मलिक, सुल्तान, अख्तर, नौशाद, फरीद, सलमान, महताब आदि रहे। दूसरी तरफ सीओ सीपी सिंह ने कहा मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।
भाजपाई आज घेरेंगे तहसील
बड़ौत। कुरैशियान मुहल्ले में गौ हत्या के मामले में अभी तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसको लेकर भाजपा ने बैठकर आक्रोश जताया। इसमें निर्णय लिया रविवार को भाजपा कार्यालय से कार्यकर्ता जुलूस निकाल तहसील में प्रदर्शन करेंगे और ज्ञापन देकर एसडीएम से शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और एनएसए की कार्रवाई की मांग करेंगे।
पुलिस ने चार दिन पूर्व कोतवाली के सामने कुरैशियान मुहल्ले में गौकशी का मामला पकड़ा था। जिसमें पुलिस ने इसरार व उसके बेटे राजा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि पुलिस ने शुक्रवार को एक और आरोपी नदीम को गिरफ्तार किया था। अभी इस मामले में 12 आरोपी फरार हैं। इस दौरान भाजपाइयों ने हंगामा कर कहा था यदि तीन दिन में सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते और एनएसए की कार्रवाई नहीं की जाती तो वे उग्र आंदोलन होगा।
शनिवार को पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इसको लेकर सुलतान गंज मंडी में भाजपा कार्यालय पर बैठक की अध्यक्षता करते जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने कहा पुलिस के अब तक ठोस कार्रवाई नहीं करने पर निर्णय लिया रविवार को कार्यकर्ता सुलतान गंज मंडी में कार्यालय पर एकत्र होंगे और वहां से जुलूस के रूप में कार्रवाई की मांग को लेकर तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और एसडीएम को ज्ञापन देकर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और एनएसए की कार्रवाई की मांग करेंगे।
यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती है तो पूरे जनपद में आंदोलन चलेगा। संचालन रविंद्र राठी ने किया। इसमें डॉ. अमित खोखर, चंद्रवीर तोमर, राहुल तोमर, मुकेश उपाध्याय, वेदपाल उपाध्याय, जसवीर, अभिनव गुप्ता, विनोद पांचाल, जगपाल आर्य, जसवीर, भीम सिंह, राकेश जैन, वीरेंद्र पाल सिंह, अनिल गुप्ता, अमन जैन आदि रहे।