बड़ौत कोतवाली में कार्यवाही की मांग करते पीड़ित।
- फोटो : BARAUT
लुहारी निवासी दंपती ने जितेंद्र हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ पुलिस से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। लुहारी गांव निवासी दपंती ने जितेंद्र हत्याकांड में नामजद एक आरोपी पर धोखाधड़ी कर बैंक खाते से 30 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाते कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी कार्यालय पर भूख हड़ताल करेंगे।
सोमवार को कोतवाली पहुंचे सचिन तोमर और उसकी पत्नी सुमन ने तहरीर दी। इसमें जितेंद्र पुत्र वेदप्रकाश हत्याकांड में नामजद आरोपी जितेंद्र पुत्र महक सिंह पर धोखाधड़ी कर जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मेरठ शाखा के खाते से 30 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया। बताया कि दो दिन पूर्व आरोपी के घर रुपये मांगने गई तो परिवार के लोगों ने उसे डांट डपटकर लौटा दिया। बाद में आरोपी जितेंद्र ने अज्ञात नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत बोहला चौकी प्रभारी से करने जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज व कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। इस संबंध में सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पीड़िता ने तहरीर दी है, तहरीर पर जांच शुरू कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।