थाने में किसान को यातनाएं देने का आरोप, हंगामा
बालैनी (बागपत)। खेत में काम कर रहे किसान को पकड़कर थाने ले जाकर यातनाएं देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने किसान को छोड़ दिया, जबकि मिट्टी खनन के मामले में उसका ट्रैक्टर सीज कर दिया। ग्रामीणों ने किसान को यातनाएं देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुरा गांव के रहने वाले किसान कुलदीप मलिक का आरोप है कि वह रविवार रात खेतों में काम कर रहा था। तभी वहां पहुंची पुलिस उसे पकड़कर ट्रैक्टर सहित थाने ले गई। आरोप है कि पुलिस ने रातभर थाने में उसे यातनाएं दीं और हथकड़ी लगाकर मेज से बांधकर रखा। आरोप है कि इसके बाद उसके भाई विजय मलिक को भी पकड़ लिया गया और उसके साथ भी थाने में मारपीट की गई। इस मामले में मंगलवार को ग्रामीण व भाजपा कार्यकर्ता थाने में पहुंचे और वहां हंगामा किया। हंगामे के बाद उन दोनों भाईयों को छोड़ दिया गया। जबकि उसके ट्रैक्टर को मिट्टी खनन के आरोप में सीज कर दिया गया। हंगामा करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय उपाध्याय, संजीव कुमार, अजय प्रधान, लक्की चौधरी, भोलू पालीवाल, गुलशन प्रधान, कृष्णपाल, सोनू चोटी, नितेश यादव, विवेक यादव, प्रदीप चौधरी, कपिल फौजी मौजूद रहे।
वहीं थाना प्रभारी विरजाराम का कहना है कि यातनाएं देने का आरोप गलत है। कुछ पुलिसकर्मी ही इस मामले में राजनीति कर रहे हैं। जिसकी वजह से यह आरोप लगाए गए हैं।