बड़ौत। श्री कृष्ण जी महाराज सनातन धर्म ठाकुरद्वारा के पदाधिकारियों ने रविवार की रात बाजार पुलिस चौकी पर पहुंचकर हंगामा किया।
उन्होंने कुछ लोगों पर पंचवटी मंदिर के पास स्थित मंदिर की भूमि पर कब्जा करने और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष के लोगों ने भी पुलिस को तहरीर दी।
श्री कृष्ण जी महाराज सनातन धर्म ठाकुर द्वार के प्रधान सभासद रमेश शर्मा और अन्य सदस्यों ने बताया कि कुछ लोग पंचवटी मंदिर के पास मंदिर की जमीन पर निर्माण कर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। जब उन्होंने निर्माण को रोकने का प्रयास किया तो गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने एक नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, दूसरे पक्ष से अग्रवाल समाज बड़ौत के अध्यक्ष विनोद पंसारी व अन्य लोगों ने सभासद रमेश शर्मा पर गाली-गलौज और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
इस मामले में सीओ विजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।