- डॉक्टरों ने कहा कि बुजुर्ग और बच्चों की देखभाल जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवा के कारण ठंड बढ़ गई। दिन का तापमान लुढ़ककर 23 डिग्री पहुंच गया है। रात का तापमान भी न्यूनतम आठ डिग्री तक रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण हवा में ठंड रही। अगले दो दिन तक ठंडी हवा चलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शनिवार अलसुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से भी हवा में अधिक ठंडक रही। दिन का तापमान 25 डिग्री से गिरकर 23 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार रात का पारा भी आठ डिग्री तक गिर गया, जिससे रात में ठंडक रही। अगले दो दिन तक तेज हवा चलने का अनुमान है।
इनसेट
बुजुर्ग और बच्चों की सेहत का रखें ख्याल
बागपत। ठंडी हवा से बुजुर्ग और बच्चों की सेहत को नुकसान हो सकता है। ठंड से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। खांसी, नजला, जुकाम और वायरल जकड़ सकता है। डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाया जाना जरूरी है। सुबह और शाम घर से बाहर नहीं निकलने दें। गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। खाली पेट बिल्कुल न रहें।
इनसेट
पशुओं को नुकसान, गेहूं को होगा लाभ
बागपत। कृषि विज्ञान केंद्र खेकड़ा के वैज्ञानिक डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि तेज हवा से पशुओं को ठंड लग सकती है। पशुओं की देखभाल भी जरूरी है। फसलों को किसी तरह का नुकसान नहीं है। गेहूं की फसल के लिए ठंड अच्छी रहती है।