बागपत। बागपत के बड़ौत में एक महिला ने ऑनलाइन खरीदे गए एयर कंडीशनर (एसी) की डिलीवरी न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि कंपनी की स्टेटस साइट पर एसी की डिलीवरी दिखा दी गई, जबकि उसे उत्पाद प्राप्त नहीं हुआ। यह एसी 33 हजार रुपये में खरीदा गया था और घर पहुंचने से पहले ही गायब हो गया।
देवनगर बड़ौत निवासी सुमन ने बताया कि उन्होंने अप्रैल माह में ऑनलाइन माध्यम से 33 हजार रुपये का एसी खरीदने के लिए भुगतान किया था। इसके बाद कंपनी ने एसी उनके घर डिलीवरी के लिए भेजा। सुमन का आरोप है कि 14 अप्रैल को जब उन्होंने एसी की डिलीवरी का स्टेटस चेक किया तो उसमें डिलीवरी पूरी होने की जानकारी दिखाई गई। हालांकि उनके घर तक एसी पहुंचा ही नहीं था। उन्होंने तुरंत ऑनलाइन सामान भेजने वाली कंपनी के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। कंपनी के अफसरों ने जांच कराने के बाद भी एसी की डिलीवरी होने की बात दोहराई। लगातार शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो सुमन ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने सोमवार को पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में बड़ौत की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशु जैन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।