बागपत। नगर के एसपीसी पीजी कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एवं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि डीएम राज कमल यादव, एसडीएम सदर अनुभव सिंह, एआरटीओ सुभाष राजपूत, डीआईओएस सर्वेश कुमार और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रुप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम राजकमल यादव ने छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना व यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में छात्र-छात्राओं को सिविल सेवा परीक्षा, पीसीएस, जेईई, नीट, एनडीए आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग कराई जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं शासन की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कर नि:शुल्क कोचिंग ले सकते हैं। डीएम ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क के नियमों का पालन करने, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ड्राइविंग करने, अपनी लेन में वाहन चलाने व वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, वाहन को तेज गति से न चलाने व दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। इसमें अंतरिक्ष कुमार, तरुण चौहान, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. बबली चौहान, सौरभ भारद्वाज, निखिल, संजय आदि मौजूद रहे।