आग बुझाने के नहीं हैं पर्याप्त साधन
बागपत। जिले में दमकल विभाग के पास आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं है। ऐसे में आग लगने के समय पर मदद नहीं पहुंच पाती है। जिला मुख्यालय पर फायर स्टेशन नहीं है। हर वर्ष आग से लाखों संपत्ति जलकर राख हो जाती है। आग की बड़ी घटना होने पर विभाग को दूसरे जनपद से मदद लेनी पड़ती है।
बड़ौत और खेकड़ा में फायर स्टेशन हैं। बागपत में तहसील स्तर पर यूनिट खड़ी कर रखी है। तीनों तहसीलों पर दमकल विभाग के पास एक-एक फायर टैंकर गाडिय़ां है। बड़ौत में एक वाटर मिस्ट (छोटी गाड़ी) है और खेकड़ा में एक फायर बुलेट बाइक है। इसके अलावा जनपद में दमकल विभाग के पास आग बुझाने के लिए कोई संसाधन नहीं है। आग से निपटने के लिए विभाग के पास कोई इंतजाम नहीं हैं। आग लगने के बाद गाड़ी को पहुंचने में आधे से एक घंटा लग जाता है। पानी लाने के लिए भी दमकल विभाग को मशक्कत करनी पड़ती है। शहर क्षेत्र में नगर पालिका की पेयजल पाइप लाइन में हाई डेंट लगे हैं। इनसे दमकल की गाड़ियों में पानी भरा जाता था। लेकिन अधिकतर हाई डेंट बंद हो चुके हैं। बड़ौत में चार हाई डेंट की चल रहे हैं। बागपत में तीन और खेकड़ा में पांच हाई डेंट चालू हालत में है। बड़ौत में दमकल विभाग को मलकपुर चीनी मिल से पानी लाना पड़ता है जबकि गाड़ी पानी लेकर पहुंचती है तो आग से काफी नुकसान हो जाता है। हर वर्ष लाखों रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ जाती है। आग लगने की घटना पर बड़ी गाड़ियों वहां तक नहीं पहुंच पाती हैं। शहर के आबादी वाले क्षेत्रों के लिए दमकल विभाग के पास आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं है।
-----------------
औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों में नहीं है आग बुझाने के संयंत्र
बागपत। कई औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों में आग बुझाने वाले संयंत्र भी नहीं लगे है। जहां लगे है, वे एक्सपाइरी हो चुके है। विभागीय अधिकारी या कर्मचारी मौके पर जाकर जांच करने के बजाए दफ्तरों में बैठकर अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर देते है। कई इकाईयां प्रमाण पत्र का नवीनीकरण भी नहीं कराती है।
---------------
विभाग के पास सीमित संसाधन : एफएसओ
बागपत। एफएसओ अबुल अब्बास हुसैन ने बताया कि अग्निशमन विभाग के पास सीमित संसाधन हैं। कई बार उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। जनपद में अधिकांश फसलें ही आग से जलती है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों में बहुत कम आग लगती है। गाडिय़ों की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे है।
-----------------
अब तक ये हो चुकीं आग की घटनाएं
बागपत। जनपद में वर्ष 2018 में 90 आग की घटनाएं हुई हैं। 33 लाख 71 हजार रूपये की संपत्ति आग से जलकर राख हो गई। दमकल विभाग ने एक करोड़ 51 लाख 88 हजार की संपत्ति बचाई। वर्ष 2019 में सितंबर माह तक 50 आग लगने की घटनाएं हो चुकी है। लगभग 19 लाख रूपये की संपत्ति जली है।