छपरौली (बागपत)। थाने से चंद कदम दूर घर के पास खड़े एक युवक की बुधवार की रात में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद परिजनों ने थाने में हंगामा किया। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
छपरौली कस्बे में थाने के पास जगमलान पट्टी निवासी 22 वर्षीय गुलाब पुत्र राजबीर बुधवार रात थाने के पास अपनी गली के मोड़ पर खड़ा था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और गुलाब की कनपटी से हथियार सटाकर गोली चला दी। गुलाब लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और गुलाब को चिकित्सक के पास ले गई। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। देर रात तक गुलाब के परिजन थाने पर एकत्र थे। समाचार लिखे जाने तक तहरीर भी नहीं दी गई थी। थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गुलाब का भाई एक लड़की को लेकर फरार हो गया था। लड़की भी पास में रहती है। दोनों पक्षों में रिश्तेदारी भी है। बाद में लड़की अपने घर पहुंच गई थी। हत्या के पीछे उसी लड़की के भाई का नाम सामने आ रहा है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।