रमाला। बूढ़पुर गांव में शराब पीने के लिए रुपये न देने पर दो युवकों ने एक युवक को बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने उसके सिर में ईंट मारकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सचिन का बड़ौत सीएचसी में उपचार कराया गया। शिकायतकर्ता कटारी देवी ने बताया कि यह घटना 16 सितंबर की शाम को हुई थी। उनका बेटा सचिन खेतों से घर लौट रहा था, तभी गांव के प्रवीण और विक्रांत ने उसे शराब के नशे में रोका। उन्होंने सचिन से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये न देने पर दोनों ने उसे लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर ईंट उठाकर सचिन के सिर में मार दी। राहगीरों ने बीच-बचाव कर सचिन को बचाया। इसके बाद भी दोनों युवकों ने सचिन को गोली मारने की धमकी दी। वे अब भी उसके घर के आसपास चक्कर लगा रहे हैं। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।