दाहा। कुत्ते के काटने के एक महीने बाद सरोरा गांव के दीपक (24) युवक की मौत हो गई। जिसका पता चलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरोरा गांव पहुंचकर युवक के संपर्क के आने वालों को एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
सरोरा गांव का रहने वाला दीपक मेरठ के बपारसी में ईंट भट्ठे पर काम करता था। बताया कि एक माह पहले दीपक को एक कुत्ते ने हाथ में काटकर घायल कर दिया। इसके बाद दीपक ने उपचार कराया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद परिजनों ने दीपक का आसपास के चिकित्सकों के अलावा दिल्ली के ऑल इंडिया अस्पताल दिल्ली में भी उपचार कराया गया। लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार वाले घर लेकर आ गए। दो दिन पहले दीपक की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दीपक को काटने वाला कुत्ता भी पागल हो गया और उसके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसका पता चलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई और दीपक के संपर्क में आने वाले लोगों को चिह्नित कर एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए।