संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ढिकौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो की शिक्षिका ज्योति रानी को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग से अनुमति लिए बिना दुबई की यात्रा की थी। यह कार्रवाई उनके पति रजत कुमार की शिकायत के बाद की गई है।
ज्योति रानी ढिकौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
वह वर्ष 2019 में अपने पति रजत कुमार और बच्चों के साथ दुबई घूमने गई थीं। इस यात्रा के लिए उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कोई अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने विभाग को गुमराह कर दुबई की यात्रा की और वापस आ गईं।
हाल ही ंमें शिक्षिका का अपने पति से विवाद हो गया। इसके बाद उनके पति रजत कुमार ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी ने मामले की जांच कराई।
जांच में यह पुष्टि हुई कि ज्योति रानी बिना अनुमति के दुबई गई थीं। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका ज्योति रानी को निलंबित कर दिया। शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार, विदेश यात्रा के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होती है।