-आरिफपुर खेड़ी गांव का मामला, पुलिस ने आरोपी सैनिक निखिल को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक बरामद की
फोटो 17
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। आरिफपुर खेड़ी गांव में ससुराल में आकर सैनिक निखिल निवासी सरूरपुरकलां ने मंगलवार शाम को अपनी पत्नी निधि पर गोली चला दी। इसमें वह बाल-बाल बच गई। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस के साथ खुद ही थाने पहुंच गया।
आरिफपुर खेड़ी निवासी संदीप ने बताया कि मई 2024 में उसकी बहन निधि की शादी सरूरपुरकलां गांव के सैनिक निखिल के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले उनकी बहन को परेशान रखने लगे। एक माह पहले बेटे को जन्म देने के बाद भी ससुराल वालों का उत्पीड़न जारी रहा और 9 नवंबर को मारपीट करने के बाद बेटा छीनकर उसकी बहन को घर से निकाल दिया। इसका पता चलने पर वह पुलिस लेकर सरूरपुरकलां गांव पहुंचा और बहन निधि को उसके बेटे के साथ घर ले आया।
आरोप लगाया कि मंगलवार दोपहर निधि का पति निखिल घर आया, जो निधि को बेटे के साथ घर ले जाने की जिद करने लगा। परिवार वालों ने निखिल से अपने परिवार वालों को बुलाकर बात कराने के लिए कहा। इस पर निखिल ने हंगामा कर दिया और धमकी देते हुए चला गया। मंगलवार शाम को निखिल दोबारा उनके घर आकर गाली-गलौज और हंगामा करने लगा, तभी उसकी बहन निधि के साथ मारपीट की। इसके बाद तमंचा निकालकर उसकी बहन पर गोली चला दी, जिससे निधि बाल-बाल बच गई। इसके बाद निखिल धमकी देता हुआ अपनी बुलेट बाइक लेकर भाग गया। इस मामले में जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।