बागपत। दिल्ली-देहराददून इकाॅनमिक कॉरिडोर पर लाखों रुपये का सट्टा लगाकर घोड़ा-बुग्गी दौड़ कराने वालों की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। इसमें कई युवकों की पहचान कर ली गई है, जबकि वीडियो के आधार पर अन्य युवकों का भी पता लगाया जा रहा है। इसमें जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली-देहरादून इकाॅनमिक कॉरिडोर पर रविवार को घोड़ा-बुग्गी दौड़ कराई गई, जिसमें लाखों रुपये का सट्टा भी लगाया गया। इस दौरान इकाॅनमिक कॉरिडोर पर दौड़ में शामिल घोड़ा-बुग्गियों के साथ 50 से अधिक बाइकों और गाड़ियों के साथ मेरठ-बागपत के युवक भी शामिल रहे। दौड़ शुरू होते ही घोड़ा-बुग्गी के पीछे बाइकों और गाड़ियों का काफिला भी दौड़ पड़ा। इस दौरान कॉरिडोर पर काफी देर तक हुल्लड़बाजी होती रही। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दौड़ के दौरान घोड़ा-बुग्गियों और बाइकों में कई बार हादसा होने से भी टला। वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू करा दी। इसमें पुलिस ने वीडियो के आधार पर कई युवकों की पहचान की, जो बागपत के मोहल्ला मुगलपुरा और केतीपुरा के रहने वाले हैं। इसके अलावा अन्य युवकों की पहचान करने के लिए वीडियो देखी जा रही है। इसमें दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर पहले दौड़ कराने वालों की भूमिका के बारे में भी पता किया जा रहा है।
वर्जन
-निर्माणाधीन इकाॅनमिक कॉरिडोर पर घोड़ा-बुग्गी दौड़ कराने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही दौड़ के आयोजकों और उसमें शामिल युवकोंं की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। दौड़ में शामिल वाहनों को भी सीज किया जाएगा। -अंशु जैन, सीओ, बागपत