बड़ौत में पट्टी चौधरान फ्रास वाला तालाब के पास शनिवार की देर रात एक मकान में शॉर्टसर्किट से आग लग गई, जिससे मकान में अफरातफरी मच गई। मकान में सोए पूरे परिवार ने बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना दिए जाने पर विद्युत विभाग के कर्मचारिओं ने बिजली नहीं काटी। फायर ब्रिगेड के कर्मी सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद पहुंचे। घर में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हुआ।
पट्टी चौधरान में मईनूदीन पुत्र जहूर हसन का मकान है। शनिवार की रात वे पूरे परिवार के साथ घर में सोए थे। देर रात करीब शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटें उठने लगी। आग लगने से मईनूदीन उसकी मां जुले खां, बेटा आसिफ, शाकिब, उएश ने मकान से भागकर जान बचाई।
आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी गई. लेकिन बिजली कट नहीं की गई। डेढ़ घंटे बाद लोगों ने बिजलीघर पर हंगामा किया और बिजली कट कराई। सूचना के दो घंटे बाद अग्निशमन विभाग के कर्मी पहुंचे, लेकिन तब तक घर का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
मकान भी पूरी तरह ध्वस्त होकर गिर चुका था। पीड़ित परिजनों का दावा है कि आग की वजह से करीब आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हुआ है।