जमीन पर कब्जा करने के विरोध में तहसील में प्रदर्शन किया
- जमीन कब्जामुक्त नहीं होने पर परिवार ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी
फोटो संख्या 6
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। वाजिदपुर गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को अपनी जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को एक शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें जमीन खाली कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जमीन कब्जामुक्त नहीं कराई गई तो वे आत्मदाह करने या गांव से पलायन करने को मजबूर होंगे।
वाजिदपुर निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। जब उन्होंने कब्जा हटाने को कहा तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनके पास कोई और विकल्प नहीं बचेगा। प्रदर्शन में विक्रम भाटी, कालीचरण, अमित, अंजलि, शालू, वंदना और अदिति सहित कई ग्रामीण शामिल थे। उपजिलाधिकारी भावना सिंह ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने राजस्व टीम से मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि जांच के बाद समस्या का उचित समाधान किया जाएगा।