संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली से शामली तक आवागमन करने वाली पैसेंजर ट्रेन को रेलवे अधिकारियों ने कोहरे का कारण बताते हुए सोमवार को तीन माह के लिए बंद कर दिया गया है। जिसके बंद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली से शामली जाने वाली ट्रेन संख्या 54057 का बड़ौत रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय सुबह 10:30 बजे का है और शामली से दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेन संख्या 54058 का बड़ौत पहुंचने का समय शाम 5:10 बजे का है। जिसे बंद कर दिया गया है। इसके बंद करने का कारण रेलवे अधिकारियों ने सर्दी के मौसम में कोहरा पड़ना बताया है। रूट पर इस ट्रेन के बंद होने के कारण रोजाना एक हजार से अधिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यह दिक्क्त यात्रियों को 28 फरवरी तक सहन करनी पड़ेगी।
इसके बाद दोबारा से ट्रेन का संचालन शुरू करने की बात रेलवे अधिकारियों द्वारा कही गई है।
- रोजाना कारोबार के काम से इस ट्रेन से दिल्ली से बड़ौत आना जाना करता था, मगर अब इसके बंद होने से परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। - योगेश तोमर
- इस ट्रेन के बंद होने से दिल्ली से आवागमन करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। अधिकतर लोग इसी ट्रेन से दिल्ली आना-जाना करते थे। - सत्यपाल सिंह
वर्जन
- दिल्ली से शामली तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को कोहरे के कारण करीब तीन माह के लिए बंद कर दिया गया है। मार्च में दोबारा से ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। - सुरेश कुमार स्टेशन अधीक्षक