दिल्ली के ध्यानार्थ
शुक्रवार को दोनों पिता-पुत्र पर लूट का विरोध करने पर किया गया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय (बागपत)। बिलोचपुरा-बसौद मार्ग पर शुक्रवार की सुबह दिल्ली पुलिस के एसआई गुलफाम और उसके बेटे विकार पर हमला करने वाले बदमाशों में एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से एक तलवार और दो मोबाइल बरामद किए है।
बिलोचपुरा निवासी दिल्ली पुलिस के एसआई गुलफाम और उसके बेटे पर शुक्रवार की सुबह बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर तलवार से हमला दिया था। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि शुक्रवार शाम को पुलिस को बसौद नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान एक युवक घायल अवस्था मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम फिरोज पुत्र शेर मोहम्मद निवासी बसौद बताया। युवक ने बाप-बेटे पर तलवार से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी युवक से एक तलवार व दो मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ के बाद उसको कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।