रमाला। किशनपुर गांव में सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान का बीम टूटने से छत भरभराकर गिर गई। इससे वहां काम कर रहे राजमिस्त्री पप्पन और मकान मालिक नरेश कुमार मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों घायलों को निकालकर शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया।
किशनपुर गांव निवासी नरेश कुमार के मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। बताया कि सोमवार की सुबह राजमिस्त्री पप्पन काम कर रहा था, तभी मकान का बीम टूट गया। इससे मकान की पूरी छत भरभराकर गिर गई। वहां काम कर रहे राजमिस्त्री पप्पन और मकान मालिक नरेश कुमार ने भागकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन मलबे के नीचे दब गए। मकान की छत गिरते ही आसपास खड़े लोग दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। घायलों का शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इसमें जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ है।