बागपत। कोरोना वायरस के संदिग्धों का सैंपल लेने के लिए अब जिला अस्पताल में विशेष कॉर्नर तैयार किया जाएगा। डॉक्टर और संदिग्ध व्यक्ति के बीच अब जांच के दौरान शीशे की दीवार होगी। 12 अप्रैल तक विशेष कार्नर तैयार कर जांच शुरू कर दी जाएगी।
डिप्टी सीएमओ डॉ यशवीर सिंह और कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ भुजवीर सिंह ने बताया कि मरीज और चिकित्सक के बीच पर्याप्त दूरी बनाने के लिए जिला अस्पताल में विशेष कार्नर तैयार कराया जाएगा। कार्नर बनने के बाद संदिग्ध से चिकित्सक को वायरस फैलने का खतरा नहीं रहेगा और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को संदिग्धों के सैंपल लेने के लिए इधर-उधर दौड़ना पड़ेगा। जिले भर में आठ एंबुलेंस कोरोना वायरस में लगी हुई है। संदिग्ध को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया जाएगा और चिकित्सक शीशे के दूसरी ओर से मरीज का सैंपल लेंगे। चिकित्सक व मरीज के बीच लगे शीशे में सैंपल लेने के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाएगी। सैंपल लेने के बाद संदिग्ध को भर्ती किया जाएगा।