-भाजपा जिलाध्यक्ष पर एक महिला से भाकियू जिलाध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी कराकर बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप
-भाकियू कार्यालय पर बैठक करके तीन दिन में महिला से माफी नहीं मंगवाने पर भाजपा कार्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी
-भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाकियू वालों में हिम्मत है तो आकर दिखाएं, मैं अपने कार्यालय पर मौजूद रहूंगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर में दिल्ली रोड पर शुक्रवार को भाकियू कार्यालय पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जहां भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय पर एक महिला से भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के खिलाफ बयानबाजी कराकर बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया। कहा गया कि तीन दिन में महिला से माफी नहीं मंगवाने पर भाजपा कार्यालय पर तालाबंदी करके धरना दिया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू के दिल्ली-एनसीआर के महासचिव प्रदीप धामा ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय के साथ एक महिला की वीडियो वायरल हो रही है। उस वीडियो में महिला से भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर को बदनाम करने के लिए उत्पीड़न करने के आरोप लगवाए जा रहे हैं जो पूरी तरह से फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से केवल जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ही नहीं बल्कि पूरी भाकियू को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। भाकियू इसमें चुप नहीं बैठेगी।
युवा जिलाध्यक्ष धीरज राठी ने कहा कि तीन दिन में भाजपा जिलाध्यक्ष ने उस महिला से फर्जी आरोप लगाने पर माफी नहीं मंगवाई तो भाजपा कार्यालय पर तालाबंदी करके धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रवक्ता हिम्मत सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र प्रधान, महासचिव शिवदत्त शर्मा, उपेंद्र तोमर, अंकित ठाकुर, चौधरी इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
- किसी में हिम्मत हो तो यहां आकर दिखाए : वेदपाल उपाध्याय
भाकियू ने बैठक करके माफी नहीं मांगने पर भाजपा कार्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी दी, इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने कहा कि मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं। मुझे लखनऊ में बैठक में जाना था लेकिन अब में अपने कार्यालय पर रहूंगा। भाकियू वालों में हिम्मत हो तो यहां आकर दिखाएं। इस तरह किसी के दबाव में आकर काम नहीं करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि मैंने किसी नेता के बारे में कुछ नहीं कहा है, उस महिला ने खुद ही नेताओं का नाम लिया है और उन पर आरोप लगाए हैं।