एक मवेशी झुलसा, छप्पर में रखी चारपाई, कपड़े, अनाज आदि घरेलू सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। शाहपुर बाणगंगा गांव के जंगल में स्थित कोल्हू पर बने छप्पर में मंगलवार को शाम के समय आग लग गई। इससे दो मवेशी जलकर मर गए। इस दौरान एक मवेशी झुलस गया। जबकि हजारों का सामान जल गया।
शाहपुर बाणगंगा गांव के जंगल में अनुज पुत्र विनोद का कोल्हू है। गांव का मनोज पुत्र राम सिंह कोल्हू पर मजदूरी करता है। मनोज कोल्हू परिसर में ही छप्पर बनाकर रहता है। मंगलवार को शाम के समय अचानक मनोज के छप्पर में आग लग गई। इससे उसमें बंधे तीन मवेशी झुलस गए। इनमें से दो मवेशी की मौत हो गई। जबकि एक मवेशी झुलस गया। छप्पर में रखी चारपाई, कपड़े, अनाज समेत काफी घरेलू सामान जल गया।
सूचना मिलने पर बुधवार को पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अक्षय बालियान अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और झुलसे मवेशी का इलाज किया। दूसरी तरफ लेखपाल सुरेश शर्मा ने भी मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित को हर संभव मदद कराने का भरोसा दिया। ग्रामीण बिजेंद्र गुर्जर, गगन धामा, बालेश्वर प्रधान, अवनीश तोमर, राजू तोमर, उपेंद्र धामा आदि ने डीएम से हस्तक्षेप कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की।