बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर काठा गांव में शुक्रवार सुबह अनियंत्रित कंटेनर कार और दो बाइकों में टक्कर मारकर गली में जा घुसा। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया।
दिल्ली की ओर से एक कंटेनर शुक्रवार सुबह सहारनपुर की ओर जा रहा था। काठा में अचानक अनियंत्रित कंटेनर एक कार व दो बाइकों में टक्कर मारते हुए गांव की गली में घुस गया। इससे भगदड़ मच गई। हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर की स्पीड बहुत अधिक थी। कंटेनर ने पहले नोएडा निवासी युवक की कार में टक्कर मार दी। इसके बाद चाचा-भतीजे राममेहर और सनराइज की बाइक में टक्कर मारी। इसके बाद एक और बाइक से टकराकर कंटेनर गांव की गली में घुस गया। तीनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। पास ही खड़े युवकों ने शोर मचा दिया। जिस पर ग्रामीण एकत्र हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।