किरठल गांव की महिला की मौत का मामला, सास-ससुर सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। किरठल गांव की महिला की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को उसके परिजनों ने रमाला थाने पर धरना दिया। थाना पुलिस ने सीओ के आदेश पर सास-ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
चार दिन पहले किरठल गांव में महिला का शव घर में फांसी पर लटका मिला था। महिला के पति मनोज ने अपने ही माता-पिता और भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। चार दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को महिला के परिजन थाने में धरने पर बैठ गए। मृतका के पिता रामनिवास निवासी भौराकलां ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 2002 में किरठल के मनोज के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर व देवर उसे परेशान करते थे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ बड़ौत आलोक सिंह ने धरना दे रहे लोगों जांच कर कार्रवाई की आश्वासन दिया। इसके साथ ही सीओ के आदेश पर पुलिस ने मृतका के ससुर हरपाल, सास वीरमति, जेठ राजेश और उसके पुत्र शिवम तथा एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। धरना देने वालों में राजेन्द्र, नरेश, सुनील, प्रमोद, अनीता, पिंकी, सुमन, बबली मौजूद रहे।