संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। चमरावल गांव के पेट्रोल पंप के समीप पुआल से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करने के प्रयास में धान लदा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंटर में सवार चालक समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों का राहगीरों ने मोदीनगर के निजी अस्पताल में उपचार कराया।
गाजियाबाद जिले के नेकपुर गांव का रहने वाला आस मोहम्मद कैंटर चलाता है, जो शनिवार रात भींग गांव से धान लादकर गन्नौर जा रहा था। पांची-चमरावल मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो आगे चल रही पुराल भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के चक्कर में कैंटर अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में पलट गया। कैंटर पलटने से उसमें बैठे किसान कपिल, विकास, पुन्नू सैनी, कृष्ण, बिजेंद्र, आकाश समेत अन्य घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को कैंटर से बाहर निकाला और मोदीनगर के अस्पताल पहुंचाया। रविवार सुबह खेत में पड़ा कैंटर निकाला गया।