बागपत। जिले में विकास कार्य कराने के लिए अब विधायक निधि की दूसरी किस्त मिल गई है। शासन ने ढाई-ढाई करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। बजट मिलने के बाद जिले के विकास में तेजी आएगी और इससे अधूरे पड़े कार्य भी होंगे।
विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए विधायकों को दूसरी किस्त का ढाई-ढाई करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। अब विधायकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं ताकि निधि को खर्च कर विकास कार्य कराए जा सकें। परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ने बताया कि बागपत विधायक योगेश धामा, छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार व बड़ौत विधायक एवं राज्यमंत्री केपी मलिक को पत्र जारी कर क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव के अनुसार बजट खर्च किया जाएगा। परियोजना निदेशक ने बताया कि जैसे-जैसे विधायकों के प्रस्ताव मिलते रहेंगे, वैसे ही संबंधित विकास कार्यों का एस्टीमेट तैयार कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा। पत्र जारी कर प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया गया है।