बागपत कलक्ट्रेट के पास सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल में विलाप करते परिजन
- फोटो : amar ujala
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित कलक्ट्रेट के पास स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक विपिन (21) की मौत हो गई और उसका छोटा भाई टिंकू (18) घायल हो गया। इसी दौरान स्कार्पियो की चपेट में एक वृद्ध भी आ गया। वह भी गंभीर रुप से घायल हो गया।
बागपत के कोर्ट रोड निवासी युवक टिंकू ने बताया वह अपने बड़े भाई विपिन के साथ अपनी बाइक से नरेला (दिल्ली) में अपने तहेरे भाई की शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। जैसे ही वे कलक्ट्रेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनके बराबर में आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे उनकी बाइक गिर गई और दोनों भाई घायल हो गए। इसी दौरान स्कॉर्पियो ने वहां से गुजर रहे एक वृद्ध राजवीर निवासी कासिमपुर खेड़ी को भी टक्कर मार दी।
घायल राजवीर अपने घर से कोर्ट में तारीख पर जा रहा था।
घायलों को स्कॉर्पियो सवार जिला अस्पताल ले गए। वहां के चिकित्सकों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। टिंटू का उपचार किया । उसी दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो और चालक को पकड़ लिया। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया इस मामले में स्कॉर्पियो और उसके चालक को पकड़ लिया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी। घायल टिंकू ने बताया भाई विपिन दूध की गाड़ी चलाता था। वह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका एक भाई कपिल उससे बड़ा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।