-खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला अहिरान का मामला, दोनों पैरों में गहरे जख्म होने पर चिकित्सकों ने सीएचसी से दिल्ली रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। कस्बे के मोहल्ला अहिरान में मंगलवार देर रात किसान मनीष के साथ बेड पर सो रहे प्रतिबंधित नस्ल जर्मन शैफर्ड नस्ल के कुत्ते ने हमला कर दिया और दोनों पैरों में काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आए परिजनों ने मनीष को बचाया और सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां पर प्राथमिक उपचार करने और एंटी रैबीज वैक्शीन लगाने के बाद मनीष को दिल्ली रेफर कर दिया।
मोहल्ला अहिरान निवासी मनीष (50) ने अपने घर में जर्मन शैफर्ड नस्ल का कुत्ता पाल रखा है। बुधवार को पालतू कुत्ता भी मनीष के पास कमरे में बेड पर सोया हुआ था। रात करीब दो बजे कुत्ते ने अचानक मनीष पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मनीष को दोनों पैरों में काटकर गहरे जख्म बना दिए। उसके शोर मचाने पर परिवार वाले नींद से जागे और कुत्ते को डंडों से भगाकर मनीष को बचाया। परिजन घायल मनीष को उपचार के लिए सीएचसी में लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मनीष खेतीबाड़ी करते हैं और चार साल पहले उन्होंने जर्मन शैफर्ड नस्ल का कुत्ता पालना शुरू किया था। इसमें सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर हसन का कहना है कि घायल मनीष के पैरों में गहरे जख्म थे। इसकी वजह से एंटी रैबीज वैक्शीन लगाने के बाद दिल्ली रेफर कर दिया। उनका दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।