खेकड़ा। क्षेत्र के बसी के किसानों ने गांव में इकट्ठा हो गत वर्ष के गन्ने के बकाए का किनोनी मिल प्रबंध तंत्र द्वारा भुगतान न किए जाने के विरोध में हंगामा प्रदर्शन कर एक सप्ताह में भुगतान न होने पर धरना देनेे की चेतावनी दी।
रविवार को क्षेत्र के ग्राम बसी में मुख्य चौराहे पर गन्ना किसान दोपहर एक बजे इकट्ठा हुए। आक्रोशित किसानों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एवं किनोनी शुगर मिल प्रबंध तंत्र की मिली भगत के कारण उनके गन्ने का बकाए का भुगतान अभी तक नहीं किया गया, जिस कारण परिवार के भरण पोषण के साथ ही बच्चों की पढ़ाई-लिखाई आदि भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अनेकों बार मांग करने के बावजूद भी शिवाय आश्वासनों के अभी तक गन्ने का भुगतान नहीं किया गया। उपेक्षित रवैया वह अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि एक सप्ताह के अंदर गन्ने के बकाए का भुगतान नहीं हुआ तो वह विरोध में सड़कों पर उतर धरना देंगे। और अधिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही किसानों ने इस संबंध में सम्बंधित अधिकारियो को भी पत्र भेजे। इस दौरान ओमबीर सिंह, नरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सतेंद्र, राजपाल सिंह, प्रकाश सिंह, साहब सिंह, भोपाल, संजीव, राकेश आदि किसान मौजूद रहे।