बागपत। गांवों के उपभोक्ताओं को भी अब मीटर रीडिंग के अनुसार बिल देना होगा। एक नवंबर से विद्युत निगम देहात के घरेलू एवं वाणिज्यिक कनेक्शनों पर मीटर लगाना शुरू करेगा। गांव-गांव कैंप लगाकर उपभोक्ताओं के मीटर लगाए जाएंगे।
बागपत में देहात के लगभग सवा लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके कनेक्शन तो हैं, लेकिन मीटर नहीं लगे हैं। विद्युत निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के इन उपभोक्ताओं से अभी तक निर्धारित बिल ही वसूल किया जाता रहा। जबकि गांवों में बिजली की खपत काफी अधिक हो रही है। सप्लाई के सापेक्ष कम वसूली को देख इस योजना को जल्दी पूरा करने का निगम द्वारा प्रयास किया जा रहा है। शनिवार से निगम गांवों में शिविर लगाएगा। दो माह तक शिविर लगाकर घरेलू बत्ती पंखा के उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगवाए जाएंगे।
घरेलू बत्ती पंखा के लिए ग्रामीण उपभोक्ताओं को 2.20 रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा। जबकि प्रति किलोवाट 50 रुपये की दर से प्रोसेसिंग शुल्क प्रतिमाह देना होगा। बीपीएल सूची वालों को 800 रुपये फिक्स चार्ज भी देना होगा। जबकि सामान्य वालों को 350 रुपये जमानत राशि, 150 रुपये प्रोसेसिंग चार्ज भी प्रति किलोवाट देना होगा। 2 किलो वोट के कनेक्शन के लिए प्रोसेसिंग शुल्क 100 रुपये एवं सिस्टम चार्ज 200 रुपये देने होंगे। कामर्शियल के लिए जमानत राशि 1000 रुपये देनी होगी।
अधीक्षण अभियंता पीके गोयल ने बताया शासन से हर घर में मीटर लगाया जाएगा। शहरी उपभोक्ताओं की तरह मीटर रीडिंग के आधार पर देहात के उपभोक्ताओं को भी बिल जमा करना होगा। निर्धारित बिल नहीं लिया जाएगा।