खेकड़ा। क्षेत्र के बड़ा गांव के जंगल में नलकूप पर हरियाणा से तस्करी कर अवैध शराब बेचने वालों और शराबियाें में शराब केे पैसों को लेकर बुधवार की रात में गोलियां चलने से खेतों में पानी लगाने पहुंचे किसानाें में भगदड़ मच गई। बाद में शराब क्रेता माफिया को भुगत लेने की चेतावनी देकर भाग गए।
क्षेत्र के बड़ा गांव के जंगल में ग्राम ढ़िकौली निवासी शराब माफिया का एक गिरोह हरियाणा से शराब की अवैध तस्करी कर क्षेत्र में एक नलकूप पर शराब बेचता है। बुधवार की रात में अवैध शराब के अड्डे पर चार शराबी शराब खरीदने पहुंचे। शराब के रुपये के लेनदेन को लेकर शराब माफिया और खरीददारों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षाें में अवैध हथियाराें से गोलियां चलनी शुरू हो गई। शराब क्रेता माफिया को भुगत लेने की धमकी देकर भाग गए। फायरिंग में किसी को गोली लगने की सूचना नहीं है।
रात में जंगल में कई गोलियां चलने से खेताें में पानी चलाने पहुंचे किसानों में भगदड़ मच गयी। क्षेत्र में बदमाश होने की शंका किसान नलकूप छोड़कर घर आ गए। घटना से दहशत जदा किसानों ने पुलिस अधिकारियाें से जंगल में नलकूपों पर धड़ल्ले से चल रहे अवैध शराब के अड्डों को बंद कराने और शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। थानाध्यक्ष भोजराज पुंडीर ने कहा मामला संज्ञान में नहीं आया। जांच कराकर कार्रवाई होगी।