बागपत। चार माह से वेतन न मिलने से आक्रोशित मलकपुर शुगर मिल के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों की अपर जिलाधिकारी से नोकझोंक हुई। कर्मचारियों ने बच्चों समेत आत्मदाह की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने समझा बुझाकर कर्मचारियों को शांत किया।
एसवीईसी शुगर मिल मलकपुर के कर्मचारी कर्मचारी एकत्रित होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और मिल प्रबंधन पर चार माह से वेतन न दिए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। कर्मचारियों का कहना है कि 20 मई से मिल बंद पड़ी है और मई से अब तक वेतन नहीं दिया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। फीस न दिए जाने के कारण बच्चों का स्कूल से नाम काट गया है। भूखों मरने तक की नौबत आ गई है। फैक्ट्री न चलने के कारण कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। कर्मचारियों की अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से जमकर नोकझोंक हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी सहायता करने की जगह कह रहे हैं कि मिल और कर्मचारियों का मामला है, उनसे कोई मतलब नहीं है। जबकि फैक्ट्री अधिनियम और श्रम कानून के तहत प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि शीघ्र ही प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो कर्मचारी बच्चों सहित कलक्ट्रेट पर आत्मदाह करेंगे। कलक्ट्रेट प्रभारी और अधिकारियों ने कर्मचारियों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। हंगामा करने वालों में सुनील शास्त्री, मदनलाल शर्मा, नरेंद्र तोमर, रविंद्र शर्मा, आलोक, अनंगपाल, प्रदीप, प्रमोद पंवार, रविंद्र कुंडू, इदरीश, पुष्पेंद्र, मोहन चौधरी शामिल रहे। अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन के संबंध में वह मिल के अधिकारियों से बात करेंगे और वेतन दिलाने का प्रयास करेंगे।