बड़ौत। पशु पैठ रजवाहे के पास एमएससी की छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वह आईबी में तैनात अपने परिचित के साथ बाइक पर जा रही थी। चार युवकों ने पहले तमंचे के बल पर आईबी कर्मी को लूटा, फिर उसे बंधक बनाकर छात्रा से गैंगरेप किया। छात्रा ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
लोहड्डा गांव निवासी आईबी कर्मचारी अरुणाचल प्रदेश में तैनात है। वह शुक्रवार को शहर के एक कॉलेज में एमएससी में पढ़ने वाली अपनी परिचित युवती के साथ बाइक पर बड़ौत से लोहड्डा जा रहा था। पशु पैठ रजवाहे की पटरी पर मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर चार युवकों ने तमंचे दिखाकर उन्हें रोक लिया।
एफआईआर के मुताबिक आईबी कर्मी से 20 हजार रुपये लूटकर उसे खेत में बंधक बनाकर डाल दिया गया। एक युवक उस पर तमंचा ताने खड़ा रहा। बाकी तीन ने छात्रा के साथ गैंगरेप किया। बाद में खुद ही किसी तरह बंधन मुक्त होकर आईबी कर्मी ने छात्रा को घर पहुंचाया।
छात्रा के परिजन पहले लोक लाज के चलते रिपोर्ट कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन रविवार को उन्होंने हिम्मत दिखाकर पुलिस कार्रवाई का मन बना लिया। छात्रा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पट्टी चौधरान का शहजाद पुत्र अली हसन और बावली का कुलदीप पुत्र ओमकार नामजद कराए गए हैं जबकि दो अज्ञात हैं।
पुलिस ने मामला लूट की धारा 394 और रेप की धारा 376 (जी) में दर्ज किया है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सीओ सीपी सिंह ने बताया कि कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश चल रही है। उधर सांसद सत्यपाल सिंह ने सीओ से फोन पर बात कर इस मामले में जल्द से जल्द और सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।