बागपत।छपरौली पुलिस ने बाछौड़ गांव के एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। महिलाओं में मारपीट की। घर का सामान तोड़फोड़ दिया। बाद में एक वृद्ध को जबरन उठाकर ले गई। परिवार के लोग पुलिस के डर से घर भी नहीं जा पा रहे हैं। परिजनों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की है।
बाछौड़ गांव की धारावती पत्नी सतपाल सिंह का कहना है कि उसका बेटा संदीप काफी समय से हरियाणा में मजदूरी करता है। 3 अप्रैल को पड़ोस की 12वीं की छात्रा ने संदीप के पास फोन करके उसे बुलाया। उसके बाद संदीप को कहीं लेकर चली गई है। छात्रा के परिजनों ने उसके बेटे के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज करा दी है। छपरौली पुलिस ने शुक्रवार को उनके घर में घुसकर उसकी पुत्रवधु ममतेश और बबीता के साथ मारपीट की तथा घर का सामान तोड़फोड़ दिया। घर से उसके पति सत्यपाल और पुत्र संजय को जबरन उठाकर ले गई। धमकी दी कि यदि आरोपी संदीप जल्दी थाने नहीं पहुंचा तो घर को घेर बना देंगे। पीड़ित परिजन पुलिस के डर से अपने घर भी नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर एसपी की अनुपस्थिति में पीआरओ से शिकायत की।
छपरौली थाना प्रभारी सुबोध यादव का कहना है कि आरोपी संदीप की गिरफ्तारी के लिए घर पर दबिश दी थी। पूछताछ के लिए उसके पिता और भाई को थाने पर लाया गया है। महिलाओं से मारपीट नहीं की गई है। परिजनों द्वारा लगाया गया यह आरोप पूरी तरह से गलत है।