रमाला,किशनपुर बराल में ट्रक में हवा भरते समय कंप्रेशर की टंकी फट जाने से पास ही खड़ीं तीन महिलाएं लोहे के टुकड़ों की चपेट में आकर गंभीर रूप जख्मी हो गईं, इनमें से एक ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दो का इलाज चल रहा है।
यह हादसा शुक्रवार की सुबह किशनपुर बराल में हाईवे पर अखलाक की टायर पंक्चर की दुकान पर हुआ। उसका मकान भी दुकान से सटा हुआ है। घटनाक्रम के मुताबिक दुकान पर एक ट्रक हवा भरवाने के लिए आया। उस समय अखलाक की बहन खुर्शीदा, पत्नी शमीमा और पड़ोस की महिला मोमीना घर के बाहर गेट पर खड़ी हुईं थी। हवा भरने का कंप्रेशर इनके काफी नजदीक था। जैसे ही ट्रक में हवा भरनी शुरू की, कंप्रेशर की टंकी धमाके के साथ फट गई और उसके लोहे के टुकड़े हवा में बिखर गए। इसकी चपेट में आकर तीनों महिलाएं बुरी तरह जख्मी हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। वहां भगदड़ मच गई। एंबुलेंस सेवा-108 पर फोन करके तीनों को बड़ौत के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने खुर्शीदा को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो का उपचार चल रहा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भगौट के छात्र की मौत
बागपत। भगौट निवासी बीए का छात्र राकेश बृहस्पतिवार को अपने साथी मोहित के साथ अपनी बहन के पास गाजियाबाद बाइक से जा रहा था। गाजियाबाद में चौधरी मोड़ के पास अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गांव में शोक छाया हुआ है।