बड़ौत। पचास हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक महिला को मारपीट कर अधमरा कर दिया। उसके बाद मायके बरवाला गांव के बाहर उसे फेंककर फरार हो गए। किसी तरह वह घर पहुंची और उसने परिजनों को आप बीती सुनाई।
पीड़िता पारुल पुत्री कालू राम निवासी बरवाला ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसकी शादी 11 साल पहले पुरा महादेव थाना बालैनी के राजकुमार पुत्र विक्रम सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही कम दहेज लाने के उसे ताने मारे जाते थे। ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं। उसके तीन बच्चे भी हैं। कई बार सामाजिक तौर पर मामले को निपटाने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं बनी। हाल में पारुल के ससुराल वालों ने अपने घर से एक भैंस और 50 हजार रुपये लाने की मांग की। उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की। बुधवार की रात उसके साथ ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा। बाद में उसे उसके मायके गांव बरवाला के बाहर फेंक कर भाग गए। उसने तहरीर में पति, जेठ समेत पांच लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया है।