बागपत। उच्च प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण में अनियमितता बरतने तथा धनराशि का गबन करने के आरोप में हेडमास्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बीएसए ने हेडमास्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक प्रतिलिपि एसपी को भी भेजी है।
सरोरा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भवन निर्माण के लिए विभाग ने पिछले वर्ष नौ लाख एक हजार दो सौ रुपये की राशि अवमुक्त की थी। हेडमास्टर काशी प्रसाद गुप्ता ने बजट का अभाव दिखाते हुए निर्माण को बीच में ही रुकवाकर विभाग से निर्माण पूरा कराने के लिए और राशि अवमुक्त करने की मांग की। बीएसए पीएन सिंह ने आरईएस से निर्माण कार्य की जांच कराई तो स्कूल में छह लाख 28 हजार तीन सौ चालीस रुपये के निर्माण का आंकलन किया। जिस पर बीएसए ने हेडमास्टर के खिलाफ नोटिस जारी कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्रवाई होने के डर से हेडमास्टर ने कोर्ट में निर्माण कार्य में बजट का अभाव होना बताया। कोर्ट ने बीएसए को निर्माण कार्य के साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बीएसए द्वारा कोर्ट में पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने उन्हें हेडमास्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। बीएसए पीएन सिंह ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर हेडमास्टर के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। इसके अलावा एक प्रतिलिपि एसपी को भी भेज दी गई है।