बड़ौत। धनतेरस की पूर्व संध्या पर शनिवार को बाजार में जबरदस्त भीड़ थी। इसकी वजह से लोग शाम तक नगर के प्रत्येक मार्ग पर जाम से जूझते नजर आए। पुलिस और प्रशासन ने भी यातायात सुचारू चलता रहे इसके लिए कोई व्यवस्था नहीं की थी।
नगर के मुख्य मार्ग से प्रवेश करते ही कोताना रोड, फूस वाली मस्जिद, नया बाजार, नेहरू मूर्ति, डाकखाना रोड, भगवान महावीर मार्ग समेत अन्य मार्गों पर लोग जाम में फंसे रहे। सुबह से ही नगर के प्रत्येक मार्ग पर जाम की स्थिति थी। डिवाइडर के दोनों ओर से लोग पैदल भी मुश्किल से निकल पा रहे थे। बर्तन दुकानदारों ने आधी सड़क बर्तनों से घेरी हुई थी। उसके बाद खड़े थे हथठेले वाले जिन्होंने भी जाम की स्थिति को बढ़ाने का ही कार्य किया।
वहीं दिल्ली बस स्टैंड, बिनौली बस स्टैंड, बावली रोड, बुढ़ाना रोड़ से लगातार भारी भरकम वाहन नगर में प्रवेश करते रहे लेकिन पुलिस द्वारा इन पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं लगाई गई जिसके कारण लोग घंटों जाम में फंसे रहे।