तापमान 44 डिग्री होने के कारण गर्मी से लोगों की हालत खराब है तो बिजली ने परेशानी को ज्यादा बढ़ाया हुआ है। हालात यह है कि यहां 24 घंटे में 98 बार बत्ती गुल हुई, जिसने लोगों का पसीना निकाल दिया। हर पंद्रह मिनट में एक बार बिजली का अघोषित कट एक-पांच मिनट तक का लगता है। इसके अतिरिक्त कई बार आधा घंटा तक के लिए बत्ती गुल हो जाती हैं।
बागपत में रविवार से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। रविवार शाम सबसे ज्यादा हालत खराब रही और हर पंद्रह-पंद्रह मिनट में बिजली गायब होती रही। इसलिए रविवार शाम से सोमवार शाम तक यहां कट लगने का सिलसिला जारी रहा। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी ने पहले ही लोगों की हालत खराब की हुई है। ऐसे में बत्ती गुल रहने से परेशानी ज्यादा बढ़ गई।
लोग ऊर्जा निगम कार्यालय व अधिकारियों के पास फोन करते रहे परंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ। यह समस्या सोमवार को दिन में भी रही और बिजली के कट लगते रहे। इसलिए ही इन्वर्टर भी जवाब देने लगे तो पानी की समस्या भी कई जगह लोगों को झेलनी पड़ी। ऊर्जा निगम के अधिकारी ट्रांसफार्मर व मशीनें ओवरलोड होने के कारण मजबूरी में कट लगाए जाने की बात कह रहे हैं।
हर मिनट में कट लगने से बढ़ रही परेशानी
बागपत में महावीर वाली गली निवासी सोनिया चौधरी का कहना है कि यहां बार-बार बिजली के कट लगने से परेशानी बढ़ रही है। सोनिया के अनुसार रविवार रात को हर दस मिनट में बत्ती गुल हो जाती थी तो सोमवार दिन में एक घंटे में कई-कई कट लगते रहे। ऐसे में उपकरण खराब होने का डर भी रहता है। गर्मी के कारण हालत खराब रही। गायत्रीपुरम निवासी शिक्षक राजकुमार शर्मा का कहना है कि बिजली के अघोषित कट ने परेशान किया हुआ है। रविवार व सोमवार को स्थिति ज्यादा खराब रही। गर्मी में ज्यादा हालत खराब रहती है।
एसी ज्यादा चलने के कारण ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ रही है। गर्मी में ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो रहे हैं तो केबल भी पिघल रहे हैं। इसलिए कट लगाकर किसी तरह से स्थिति को संभाला जा रहा है।
-अमर सिंह, एक्सईएन ऊर्जा निगम
बागपत के कोर्ट रोड पर लाइट जाने के बाद गर्मी से परेशान हुई पोती को हाथ का पंखा कर गर्मी से राहत देत?- फोटो : BAGHPAT
सोनिया चौधरी- फोटो : BAGHPAT
राजकुमार शर्मा- फोटो : BAGHPAT
बागपत में चिलचिलाती धूप के बीच हाईवे से होकर गुरजती युवतियां- फोटो : BAGHPAT