किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर। प्रशासन के आश्वासन के बाद भी वेव ग्रुप द्वारा 25 फरवरी तक भुगतान न किए जाने पर भाकियू का प्रतिनिधि मंडल डीएम सुजीत कुमार से मिला। डीएम को जिले में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई। भाजपा कार्यकर्ताओं को किसानों का गन्ना भुगतान न होने तक मेरा परिवार, भाजपा परिवार अभियान बंद करने के लिए कहा गया।
जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के नेतृत्व में किसान डीएम से मिले। उन्होंने बताया कि वेव ग्रुप की बिजनौर, चांदपुर चीनी मिल ने पिछले साल का गन्ना बकाया का भुगतान अब तक नहीं किया है। चीनी मिलों पर इस साल का भी गन्ना बकाया है। कहा कि भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। अब किसान किसी भी दिन किसी भी जगह बड़ा आंदोलन कर सकता है। इसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। डीएम से बैठक के बाद गन्ना समिति में आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा वाले 14 दिन में भुगतान कराने की बात कहते हैं और हमारा परिवार किसान परिवार की बात करते हैं, लेकिन किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है। भाजपाइयों से गन्ना भुगतान न होने तक अभियान बंद करने को कहा गया। साथ केंद्र सरकार से पुलवामा हमला का बदला पाकिस्तान से उसी की भाषा में लेने तथा कश्मीर से धारा 370 व 35ए को हटाने की मांग की गई। इस दौरान प्रदेश महासचिव रामौतार सिंह, बलराम सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर धनकड़, अलबेल सिंह, संदीप त्यागी, मंडल महासचिव अतुल कुमार, दीपक तोमर, लक्ष्मीनारायण शर्मा, दलेल सिंह, राजीव कुमार, राजवीर सिंह, समरपाल सिंह, वीर सिंह, जसवीर सिंह, होशियार सिंह आदि मौजूद रहे।