दोघट/रमाला (बागपत)।
बामनौली, धनौरा और असारा स्कूलों में सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसमें देश की रक्षा करते बलिदान देने वाले शहीदों के परिवार वालों को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बामनौली के जवाहर इंटर कॉलेज, कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनौरा एवं मुस्लिम इंटर कॉलेज असारा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा से आए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के असिस्टेंट कमांडेंट प्रदीप कुमार नोडल अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की पहल पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल शहीदों के परिवार को नौकरी, पेंशन, बच्चों की शिक्षा आदि सुविधाएं दे रही है। शहीदों के सम्मान को बढ़ाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। अब शहीदों ने जहां शिक्षा पूर्ण की है ऐसे स्कूल कॉलेजों को भी सम्मान दिया। शहीदों के फोटो स्कूलों के कार्यालयों, मुख्य द्वार पर लगाए जाएंगे। ताकि क्षेत्र के नवयुवकों को इससे प्रेरणा मिल सके। प्रदीप कुमार ने सिरसली निवासी शहीद राकेश कुमार की पत्नी श्वेता को जवाहर इंटर कॉलेज बामनौली में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शहीद राकेश कुमार की फोटो प्रधानाचार्य भरतवीर को दी। शहीद राकेश कुमार ने इसी स्कूल से शिक्षा ग्रहण कर सीआरपीएफ में भर्ती हुआ। इसके अलावा धनौरा के जवाहर कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने पर शहीद मनवीर सिंह धनौरा की पत्नी पिंकी और मुस्लिम इंटर कॉलेज असारा में शिक्षा ग्रहण करने वाले शहीद अली हसन की पत्नी तसमीना को फोटो व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सीआरपीएफ के जवान कपिल कुमार, विनोद कुमार, प्रधानाचार्य भरतवीर सिंह, मास्टर समर पाल सिंह, कृष्णपाल, संजीव कुमार, मासूम अली, शकील, एहसान, मोहम्मद फारूख आदि रहे।