पुलिस चौकियों पर बिजली चोरी करने के मामले को विद्युत निगम के एसई ने गंभीरता से लेकर चारों डिवीजन के एक्सईएन को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस चौकियों पर बिजली सप्लाई बंद की जाएगी। एसपी को चौकियों पर मीटर लगवाने के लिए एसई ने पत्र लिखा है।
जनपद में 29 पुलिस चौकियों पर बिजली चोरी कर विभाग को लाखों रुपये का चुना लगाया जा रहा है। किसी भी चौकी पर मीटर नहीं लगा है। चौकियों पर आसपास के घरों या मंदिरों से केबल डालकर बिजली जलाई जाती है। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुख से प्रकाशित किया। खबर छपते ही विद्युत निगम के अधिकारी हरकत में आए। निगम के अधीक्षण अभियंता रामबीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर बागपत, खेकड़ा, बड़ौत प्रथम व द्वितीय डिवीजन के एक्सईएन को पुलिस के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकियों पर बिजली सप्लाई बंद की जाएगी। एसपी को पत्र लिखकर चौकियों पर मीटर लगवाए जाएंगे। उन्होंने अधीनस्त अधिकारियों को चौकियों पर मीटर लगाने के निर्देश दिए। एसई ने बताया कि कई बार पुलिस अधिकारियों को चौकियों पर मीटर लगवाने के लिए पत्र लिखे गए। जिले में कानून व्यवस्था से जुड़ा विभाग होने के कारण बिजली सप्लाई नहीं काटी गई, लेकिन अब पुलिस चौकियों से बिजली सप्लाई काटी जाएगी। मीटर लगने के बाद ही विद्युत सप्लाई सुचारु कराई जाएगी।
इन पुलिस चौकी होती है बिजली चोरी
बागपत। कोतवाली क्षेत्र में निवाड़ा, सरूरपुर, पुराना कस्बा, राष्ट्र वंदना चौक, अग्रवाल मंडी टटीरी, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में नवीन मंडी, कस्बा बाजार, रेलवे रोड, औद्योगिक, दिल्ली बस स्टैंड, बिनौली रोड, खेकड़ा थाना क्षेत्र में रटौल, पाठशाला, बड़ागांव, डूंडाहेड़ा, बाजार, दोघट थाना क्षेत्र में भड़ल, बामनौली, दाहा, सरोरा, टीकरी, बिनौली थाना क्षेत्र में बरनावा, दौझा, रमाला थाना क्षेत्र में ककड़ीपुर, चांदीनगर थाना क्षेत्र में धौली प्याऊ, सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में अमीनगर सराय, डौला, छपरौली थाना क्षेत्र में टांडा, बालैनी थाना क्षेत्र में हिंडन पुलिस चौकियां हैं।