पुरानी पेंशन बहाली को दिल्ली रवाना हुए शिक्षक
बागपत। अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्र वंदना चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद वह शहीदों को माल्यार्पण कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शिक्षकों का दिल्ली के जंतर मंतर पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कामिक अनशन चल रहा है। इसे सफल बनाने के लिए शुक्रवार को मंच के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद और महामंत्री योगेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में शिक्षक दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पूर्व उन्होंने राष्ट्र वंदना चौक पर शहीदों को माल्यार्पण कर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में केन्द्र सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बंद कर दी थी। कर्मचारियों व शिक्षकों को जो एनपीएस व्यवस्था की दी गयी है वह शेयर बाजार पर आधारित है, जो जोखिम भरी है और यह व्यवस्था उनके हित में नहीं है। जब सांसदों और विधायकों को पेंशन दी जा रही है तो उन्हें क्यों नहीं दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वह आंदोलन करेंगे और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। प्रदीप राठी, कुलदीप शर्मा, देवेंद्र दांगी, राजीव, रविंद्र तोमर, मनोज नैन, सत्यपाल, विपिन यादव, कल्पना शर्मा, विचित्र वीर, तोषी मलिक, अशोक कुमार, विक्रांत आत्रेय, विकास, वीरेंद्र मान, रामपाल सिंह मौजूद रहे।